कारगिल: कुछ महीने पहले उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने द्रास दौरे के दौरान स्थानीय लोगों की आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग पर सकारात्मक पहल की थी। इसी क्रम में कारगिल जिले के द्रास उपजिला अस्पताल में अत्याधुनिक सीटी स्कैन मशीन और नई एम्बुलेंस का लोकार्पण किया गया।

यह लोकार्पण समारोह शिवसेना के संसदीय दल के नेता एवं सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे की विशेष उपस्थिति में संपन्न हुआ। इन नई स्वास्थ्य सुविधाओं के शुरू होने से द्रास और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को तेज, आधुनिक और बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध होंगी।
इन सुविधाओं के माध्यम से गंभीर मरीजों को जांच और इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों में जाने की आवश्यकता काफी हद तक कम हो जाएगी। साथ ही आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी, जिससे मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा।
दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सशक्त बनाने की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि इससे क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।