मुंबई: मुंबई के मानखुर्द इलाके में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच कई मकान ढह गए, जिससे 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में कई अन्य लोगों के घायल होने की भी सूचना है।
घटना की जानकारी मिलते ही अग्निशमन विभाग, पुलिस, बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) और आपदा प्रबंधन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद इलाके में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को सील कर दिया है। मकान गिरने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है और संबंधित एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रशासन ने लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए मुंबई के नागरिकों से जर्जर और खतरनाक इमारतों से दूर रहने, अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
