नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मेक इन इंडिया’ पहल के 12 वर्षों की यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत ने विनिर्माण (मैन्युफैक्चरिंग) क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर बड़ी छलांग लगाई है। उन्होंने कहा कि ‘मेक इन इंडिया’ अब केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि दुनिया भर में पहचान बना चुका एक वैश्विक ब्रांड है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “पिछले 12 वर्षों में ‘मेक इन इंडिया’ का विस्तार हुआ है और यह एक वैश्विक ब्रांड बन चुका है। भारत में चिप से लेकर शिप तक पूरी इकोसिस्टम विकसित हो चुकी है। ‘नागरिक देवो भव:’ अब हमारे प्रशासन का मंत्र बन गया है।”
उन्होंने कहा कि भारत के विनिर्माण क्षेत्र ने मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल और फार्मास्यूटिकल्स जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। इन क्षेत्रों में भारतीय उत्पादों ने वैश्विक बाजार में अपनी मजबूत पहचान बनाई है।
प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और देश की उत्पादन क्षमता तथा निर्यात में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे भारत वैश्विक विनिर्माण केंद्र के रूप में अपनी स्थिति और मजबूत करेगा।
