
पंढरपुर: इस वर्ष की आषाढ़ी वारी को अधिक सुरक्षित और स्वास्थ्य सुविधाओं से सुसज्जित बनाने के लिए सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग ने पहली बार एयर एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। गंभीर मरीजों को तत्काल उच्च स्तरीय अस्पतालों तक पहुंचाने के लिए यह सेवा उपलब्ध रहेगी। इसकी जानकारी राज्य के स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर ने दी।
आषाढ़ी यात्रा की तैयारियों के तहत पंढरपुर स्थित केबीपी महाविद्यालय में पालखी मार्ग और विश्राम स्थलों पर उपलब्ध कराई जाने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस वर्ष वारकरियों के लिए अत्याधुनिक जीवनरक्षक उपकरणों से लैस एम्बुलेंस, बाइक एम्बुलेंस, आपातकालीन चिकित्सा दल और डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं की विशेष व्यवस्था की गई है। सरकार का उद्देश्य यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को त्वरित और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।