
नई दिल्ली: यूट्यूबर और जन सुराज पार्टी के नेता मनीष कश्यप द्वारा E20 पेट्रोल के कारण उनकी टोयोटा इनोवा हाईक्रॉस में खराबी आने का दावा किए जाने के बाद इस मामले ने काफी चर्चा बटोरी थी। अब इस पूरे विवाद पर टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने आधिकारिक बयान जारी कर अपनी स्थिति स्पष्ट की है।
कंपनी ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि वाहन में आई खराबी E20 पेट्रोल की वजह से नहीं, बल्कि दूषित (Contaminated) पेट्रोल के कारण हुई थी। टोयोटा ने यह भी स्पष्ट किया कि इनोवा हाईक्रॉस पूरी तरह से E20 ईंधन के अनुरूप डिजाइन, परीक्षण और प्रमाणित वाहन है।
कंपनी के अनुसार, वाहन की विस्तृत तकनीकी जांच में पता चला कि ईंधन दूषित था। हालांकि, वाहन की फ्यूल सिस्टम या किसी अन्य महत्वपूर्ण हिस्से को कोई नुकसान नहीं पहुंचा था। इसके बाद फ्यूल टैंक और फ्यूल लाइन की पूरी तरह सफाई की गई और उसमें प्रमाणित E20 पेट्रोल भरा गया।
इसके बाद किए गए परीक्षण में वाहन पूरी तरह सामान्य रूप से चलता पाया गया, जिसके बाद उसे ग्राहक को सौंप दिया गया।
टोयोटा ने दोहराया कि वाहन में आई खराबी का संबंध E20 ईंधन से नहीं, बल्कि खराब या दूषित पेट्रोल से था।