अवैध बाइक टैक्सी सेवाओं पर परिवहन विभाग का ‘फिल्मी’ स्टिंग ऑपरेशन, 22 रुपये की राइड रैपिडो चालक को पड़ी महंगी

Uncategorized

नागपुर: महाराष्ट्र में बिना अनुमति संचालित हो रही अवैध बाइक टैक्सी सेवाओं के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। नागपुर में परिवहन विभाग द्वारा किए गए एक अनोखे स्टिंग ऑपरेशन की पूरे राज्य में चर्चा हो रही है। महज 22 रुपये की बाइक राइड बुक कर एक आरटीओ अधिकारी ने खुद ग्राहक बनकर अवैध बाइक टैक्सी सेवा का पर्दाफाश किया।

जानकारी के अनुसार, शहर में बिना वैध अनुमति के बाइक टैक्सी सेवाएं संचालित होने की लगातार शिकायतें परिवहन विभाग को मिल रही थीं। शिकायतों की पुष्टि के लिए एक आरटीओ अधिकारी ने मोबाइल ऐप के जरिए रैपिडो की बाइक राइड बुक की। चालक के पहुंचने पर अधिकारी ने अपनी पहचान बताई और वाहन की जांच की।

जांच के दौरान पाया गया कि संबंधित दोपहिया वाहन के पास व्यावसायिक यात्री परिवहन के लिए आवश्यक परमिट नहीं था। इसके बाद मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालक के खिलाफ चालान और दंडात्मक कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई के बाद अवैध बाइक टैक्सी सेवाएं संचालित करने वाले चालकों और संबंधित कंपनी में हड़कंप मच गया।

परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि राज्य सरकार की आधिकारिक नीति और आवश्यक अनुमति के बिना किसी भी व्यक्ति या कंपनी को व्यावसायिक रूप से बाइक टैक्सी सेवा संचालित करने की अनुमति नहीं है। विभाग ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह गुप्त जांच और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

इस कार्रवाई के बाद महाराष्ट्र में बाइक टैक्सी सेवाओं की वैधता का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है। अब सभी की नजर राज्य सरकार की आगामी नीति पर है, जिससे यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अवैध यात्री परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *